भोपाल, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर के नेतृत्व में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध समस्त यूनियनों की ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु आज माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश शासन के नाम 46 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा.
भारतीय मजदूर संघ के ज्ञापन में प्रमुख रूप से यह मांग रखी गई कि प्रदेश के समस्त नगर पालिका एवं नगर निगमों में कार्यरत उन कर्मचारियों को नियमित किया जाए, जिन्होंने अपनी सेवा के 10 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित कर उन्हें स्थायित्व, सामाजिक सुरक्षा एवं सेवा संबंधी लाभ प्रदान किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। संगठन का मत है कि वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को नियमित करना न्यायसंगत एवं आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त सफाई मजदूर संघ भोपाल के जिला अध्यक्ष सोनू डागर द्वारा जिले की विभिन्न स्थानीय समस्याओं के समाधान हेतु संघ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें सफाई कर्मचारियों की कार्यस्थितियों, वेतन विसंगतियों, कर्मचारियों के एरियर एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री रामनाथ गणेश, प्रदेश मंत्री श्रीमती मेघा दुबे, राजन नायर, सर्वपंथ संयोजक अनिल एडविन, कार्यकर्ता विकास प्रकोष्ठ से श्रीमती ब्रिज त्रिपाठी, विभाग प्रमुख कमलेश नागपुरे, जिला मंत्री रघुराज दांगी सहित सभी संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन ने आशा व्यक्त की है कि शासन-प्रशासन शीघ्र ही इन मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस निर्णय लेकर कर्मचारियों को न्याय प्रदान करेगा।
यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष हीरा रानवे सफाई मजदूर संघ एवं म.प्र. नगर पालिका निगम कर्मचारी महासंघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ, मध्य प्रदेश) द्वारा प्रेषित की गई.




